Friday, 23 October 2026
Crime

Unnav Murder: Aam Ke Bag Se Shuru Hui Lovestory,17 Sal Chhota Tha Pati Sonu , Silbatte Se Kuchalkar Mara , Hua Ye Khulasa

Unnav Murder: Aam Ke Bag Se Shuru Hui Lovestory,17 Sal Chhota Tha Pati Sonu , Silbatte Se Kuchalkar Mara , Hua Ye Khulasa

Unnao Murder News: उन्नाव जिले की गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंचननगर मोहल्ले में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की सिलबट्टे से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को बक्से में बंद कर घर से 20 किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे पर फेंक दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोडर की मदद से हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।
 उन्नाव जिले में हत्यारोपी पत्नी नेहा ने नौ साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर दूसरे पति के साथ दो साल तक लिव इन रिलेशन में रही। आठ साल पहले अप्रैल वर्ष 2018 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। पहले पति से चार बेटियां और और दूसरे पति से एक बेटा है। हत्यारोपी नेहा रावत मूलत: लखनऊ के हरौनी की रहने वाली है। उसकी पहली शादी 23 साल पहले लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के अटौरा गांव निवासी जगदीश से हुई थी। इससे चार बेटियां हैं।



ललऊखेड़ा में वह जिस बेटी पल्लवी के पास रहने जा रही थी। वह पहले पति की बेटी है जबकि तीन बेटियां पिता के पास हैं। नेहा ने पूछताछ में बताया कि सोनू मूलत: हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव का रहने वाला था। वह हरौनी के पास आम के बाग किराये पर लेता था। उसी के पास उसका भी बाग था।बताया कि शादी के बाद ही सोनू प्रताड़ित करने लगा। अधिक नशे का लती हो गया। आए दिन झगड़ा और मारपीट करता था। हत्या में शामिल आरोपी जितेंद्र सिंह यू-ट्यूबर भी है।


फैक्टरी में नौकरी करती है पहले पति की बेटी
ललऊखेड़ा में रहने वाली पहले पति जगदीश की बेटी पल्लवी को उसकी मां हत्यारोपी नेहा साथ ले आई थी। दूसरी शादी करने के बाद बेटी मां के साथ न रहकर किराये के कमरे में रहने लगी। फैक्टरी में काम कर गुजर-बसर करती है। वह मां के दूसरे पति सोनू से नफरत करती थी। पल्लवी पिता जगदीश से मिलने जाती है। पल्लवी ने पुलिस को बताया कि मां ने सामान लेकर आने के लिए कहा था लेकिन हत्या की बात उसे नहीं पता थी। पल्लवी ने बताया कि मां लोडर में बर्तन भी लेकर आई थी, जो मेरे यहां रखे हैं।
रविवार की रात पति पर कैंची से किया था हमला
कंचननगर मोहल्ला निवासी हत्यारोपी जितेंद्र की पत्नी खुशबू ने बताया कि नेहा और सोनू करीब एक महीने पहले ही किशनलाल यादव के घर में किराये पर रहने आए थे। दोनों में अक्सर झगड़े होते रहते थे। नेहा ने पहले भी पति पर कैंची से हमला कर मारने की कोशिश की थी। दो दिन पहले भी दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसकी आवाजें बाहर तक आ रही थीं। मामा धर्मेंद्र ने बताया कि सोनू के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी मां निर्मला देवी और भाई आशु उन्हीं के साथ रहते हैं। पड़ोस में कुछ दूरी पर मेरे घर में रहने के बाद भी सोनू और उसकी पत्नी का इन लोगों से कोई लेना-देना नहीं था। सोनू मजदूरी करता था।
घटना ने ताजा की मेरठ की घटना
गंगाघाट कोतवाली में हुई पति की हत्या की इस घटना ने मार्च 2025 में मेरठ जिले में हुई पति के शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट में जमा देने वाली घटना की याद दिला दी। उस घटना में भी में पत्नी ने प्रेमी की मदद से मर्चेंट नेवी कर्मी को नशीला पदार्थ देने के बाद हत्या की और फिर नीले ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट डालकर जमा दिया था। उस जघन्य घटना में न्यायालय ने हत्या करने वाली पत्नी मुस्कान, उसके प्रेमी साहिल को फांसी की सजा सुनाई है।
मां के जेल जाने के बाद पहला पति ले गया बेटा
पति की हत्या में हत्यारोपी पत्नी के जेल जाने से पांच साल के बेटे वरुण के पालन-पोषण पर संकट न खड़ा हो, इसलिए मृतक के पहले पति जगदीश ने उसे अपने पास रख लिया है। जगदीश के सिर्फ चार बेटियां होने और कोई बेटा न होने से वह उसका पालन-पोषण करेगा। बताते हैं कि पति-पत्नी में विवाद के चलते चार महीने पहले भी कुछ समय जगदीश ने वरुण को साथ रखा था। जांच के दौरान पुलिस को गदनखेड़ा चौराहे पर लगा एक सीसीटीवी होर्डिंग की आड़ में छिपा मिला, इससे उसमें कुछ कैप्चर नहीं हुआ था, तत्काल होर्डिंग वहां से हटाई गई।


खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कीं थीं
पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 20 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे हाईवे किनारे प्राइवेट अस्पताल के सामने बड़ा बक्सा मिलने की सूचना मिली थी। इस पर एएसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी विनी सिंह और कोतवाल चंद्रकांत मिश्र मौके पर पहुंचे। बक्सा खोलने पर उसमें खून से लथपथ युवक का शव चादर और कंबल में लिपटा मिला। पुलिस ने खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कीं।


1200 रुपये भाड़े पर लिया था लोडर
गदनखेड़ा बाईपास और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक लोडर बक्सा लादे हुए दिखा। लोडर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके स्वामी राजेश गुप्ता का पता चला। राजेश गुप्ता ने बताया कि लोडर गंगाघाट कोतवाली के कंचननगर में किशन यादव के मकान में किराये पर रहने वाले सोनू रावत (25) की पत्नी नेहा रावत (42) ने कमरा खाली करने और सामान शिफ्ट करने की बात कहकर 1200 रुपये भाड़े पर लिया था। पुलिस ने नेहा रावत को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की।
शराब की लत और मारपीट से थी परेशान
नेहा ने बताया कि पति की शराब की लत और आए दिन की मारपीट से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ हत्या कर दी। नेहा ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब एक बजे पति सोनू रावत नशे में घर आया और पीटने लगा। बचाव में धक्का दिया, जिससे सोनू गिर गया और उसके सिर में चोट लगी। नेहा ने उसी घर में किराये पर रह रहे प्रेमी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल को बुलाया। जितेंद्र ने पास रखे सिलबट्टे से सोनू के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।


बक्से में चादर और कंबल के बीच छिपाया शव
हत्या के बाद शव कमरे में रखे बक्से में चादर और कंबल के बीच छिपा दिया। जमीन पर पड़ा खून भी साफ कर दिया गया था।हत्या के बाद नेहा ने अपनी बेटी पल्लवी (पहले पति की बेटी) को फोन किया। पल्लवी सदर कोतवाली के गदनखेड़ा के पास सजीवन साहू के घर में किराये पर रहती है। नेहा ने बेटी से कहा कि वहीं आ रही ताकि उसे सोनू की मौत का पता न चले। इसके बाद नेहा ने उन्नाव शहर से 1200 रुपये में लोडर किराए पर लिया। सीताराम कॉलोनी निवासी श्रमिक तौहीद को 10 हजार रुपये में सामान शिफ्ट करने के लिए बुलाया।
लोडर मालिक की संलिप्तता की भी जांच
तौहीद अपने नाबालिग साथी के साथ आया। सभी ने मिलकर बक्से को लोडर में रखा। मंगलवार की रात उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सड़क किनारे बक्सा रखकर भाग निकले थे। फॉरेंसिक टीम ने कंचननगर स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। सोनू के भाई आशु की तहरीर पर पुलिस ने नेहा रावत, तौहीद और जितेंद्र के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। नाबालिग को पुलिस ने संरक्षण में लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया गया सिलबट्टा, लोडर और बक्सा बरामद कर लिया। पुलिस लोडर मालिक की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Advertisement

Related Stories