बड़हलगंज। शहीद राजा हरि प्रसाद मल्ल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, बड़हलगंज में अध्ययनरत छात्र अभिषेक वर्मा के लापता होने के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़हलगंज प्रेस क्लब में उसके पिता राजेश्वर वर्मा ने एसएसपी गोरखपुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार अभिषेक वर्मा विगत करीब तीन वर्षों से कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों का कहना है कि 9 अप्रैल 2026की रात करीब नौ बजे अभिषेक ने परिवार के लोगों से फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन परिजनों को उसके लापता होने की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार अभिषेक के बड़े भाई रितिक वर्मा ने 11 अप्रैल को बड़हलगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस एवं परिजनों द्वारा छात्र की तलाश की गई। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज परिसर के सीसीटीवी फुटेज में एक लड़के की परछाई दिखाई देने की बात सामने आई, लेकिन उसका चेहरा व कपड़ों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की जांच के दौरान कई बार बयान बदले गए और उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। प्रार्थना पत्र में कॉलेज प्रशासन तथा कुछ व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। राजेश कुमार वर्मा ने एसएसपी से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराकर उनके पुत्र अभिषेक वर्मा का पता लगाने तथा यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।