Friday, 7 August 2026
Crime

Gorakhpur Me bacchon Par Badhte Apradhon Par BSP ka virodh

Gorakhpur Me bacchon Par Badhte Apradhon Par BSP ka virodh

गोरखपुर में मासूम बच्चों के खिलाफ बढ़ते जघन्य अपराधों को लेकर सियासत गरमा गई है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने कहा कि हाल के दिनों में बच्चों के अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटनाओं में तेजी आई है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।


BSP ने अपने ज्ञापन में कहा कि मासूमों के साथ हो रही घटनाएं पूरे समाज को शर्मसार कर रही हैं। इन घटनाओं से आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है, जबकि अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पार्टी ने प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की मांग की।


फास्ट ट्रैक कोर्ट में 6 महीने के भीतर फैसला जरूरी
पार्टी ने मांग रखी कि बच्चों से जुड़े सभी मामलों के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएं, जहां रोजाना सुनवाई हो और अधिकतम 6 महीने के भीतर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए। BSP ने कहा कि ऐसी घटनाओं में कठोर दंड ही अपराधियों में भय पैदा कर सकता है।


POCSO और गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ POCSO व गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त किया जाए, ताकि सख्त संदेश जाए।


BSP ने जांच प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की मांग करते हुए कहा कि हर मामले में विवेचना अधिकारी की जवाबदेही तय हो। 30 दिनों के भीतर जांच पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाए। जहां भी पुलिस की लापरवाही सामने आए, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।


पीड़ित परिवारों को 50 लाख मुआवजा और सुरक्षा की मांग
पार्टी ने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और पूरे परिवार को 24 घंटे पुलिस सुरक्षा देने की मांग की, ताकि वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।


ज्ञापन में कहा गया कि स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों के 500 मीटर दायरे में पुलिस पिकेट और डायल 112 की तैनाती हो। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में रात में गश्त बढ़ाई जाए और CCTV निगरानी को पूरी तरह सक्रिय किया जाए।


लापता बच्चों पर तुरंत FIR और SIT गठन जरूरी
BSP ने कहा कि किसी भी बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही तुरंत FIR दर्ज की जाए और मामलों की जांच के लिए SIT का गठन कर निष्पक्ष व तेज कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। BSP के जिला अध्यक्ष ऋषि कपूर ने कहा, “गोरखपुर में जिस तरह से मासूम बच्चों के साथ जघन्य अपराध हो रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। 


यह साफ दर्शाता है कि प्रशासन अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता में डर का माहौल है। अगर प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो बहुजन समाज पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन करेगी और इसके लिए पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”


आंदोलन की चेतावनी
BSP प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेगी। साथ ही प्रशासन से अपेक्षा जताई गई कि वह मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत ठोस कदम उठाए।

Advertisement