251 फीट ऊंची डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के लिए संकल्प यात्रा का शुभारंभ, हस्ताक्षर अभियान भी शुरू
बड़हलगंज। बड़हलगंज स्थित अंबेडकर चौराहे पर मंगलवार को मानव शिक्षा सेवा संस्था के प्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता के द्वारा भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 251 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित किए जाने के संकल्प को लेकर संकल्प यात्रा एवं हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान संकल्प यात्रा को उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के माध्यम से लोगों को 251 फीट ऊंची डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा निर्माण के संकल्प से जोड़ने तथा जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी युवा मंच शिखर गुप्ता ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के विचारों, संविधान में उनके योगदान और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। संकल्प यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ेगी और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
पूनम गुप्ता ने बताया कि भीम राव अंबेडकर जी के सम्मान में संकल्प लिया गया। बाबा साहेब की विशाल प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि समानता, शिक्षा, संविधान और सामाजिक न्याय के संदेश का प्रतीक बनेगी।
संकल्प यात्रा के रवाना होने के साथ ही अभियान को लेकर क्षेत्र में गतिविधियां तेज हो गई हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने और हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करने की अपील की।